आपसी कहासुनी पर बढ़ा विवाद, आरोपी के मेमोरेंडम पर जंगल से हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद
रायगढ। थाना कापू क्षेत्र के ग्राम पखनाकोट में ग्रामीण की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने आपसी कहासुनी एवं अपने इलाज कराने की बात को लेकर हुए विवाद के दौरान चैतराम यादव उर्फ महेश यादव पर टांगी से वार कर उसकी हत्या करना स्वीकार किया है। कापू पुलिस ने आरोपी के बताए स्थान से वारदात में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 सितंबर 2026 को थाना कापू पुलिस को ग्राम पखनाकोट निवासी चैतराम यादव उर्फ महेश यादव (50 वर्ष) की टांगी से वार कर हत्या किए जाने की सूचना मिली। सूचना पर एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी द्वारा कापू पुलिस को मौके के लिए रवाना किया गया । सूचना पाकर थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की पुलिस टीम के साथ तत्काल ग्राम पखनाकोट पहुंचे। मौके पर मृतक के भतीजे वासुदेव यादव (47 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि मृतक की पत्नी से के अनुसार, दिनांक 13-14 सितंबर की दरम्यानी रात गांव के ही नैहर साय मांझी (45 वर्ष) उनके घर आया था किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान चैतराम यादव उर्फ महेश यादव पर टांगी से हमला कर दिया। मृतक का शव आरोपी के घर की परछी में जमीन पर पड़ा मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए कापू पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस टीम द्वारा आरोपी की लगातार पता तलाश की गई, जिसके बाद उसे गांव से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में हत्या की बात स्वीकारी
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि दिनांक 13-14 सितंबर की दरम्यानी रात उसके स्वयं के इलाज कराने तथा आपसी कहासुनी को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने चैतराम यादव पर टांगी से वार किया था। आरोपी ने बताया कि घटना के बाद उसने वारदात में प्रयुक्त टांगी को छाताघुरा जंगल में पत्थर के नीचे छिपा दिया था। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने छाताघुरा जंगल पहुंचकर हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर जप्त की है। आरोपी नैहर साय मांझी (45 वर्ष) पिता स्व. गोपाल मांझी को थाना कापू में दर्ज हत्या के अपराध में गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

24 घंटे में खुलासा करने वाली टीम
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में कापू पुलिस ने मामले की त्वरित जांच करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी तक पहुंचकर हत्या की गुत्थी सुलझाई।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की, प्रधान आरक्षक लक्ष्मी कैवर्त, सोमेश गोस्वामी, आरक्षक संजीव पटेल, कन्हैया लाल भगत एवं विभूति सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




