रायगढ़ से घरघोड़ा फोरलेन बनाने के लिए 213 करोड़ की मंजूरी

  • वित्त विभाग से अनुमति मिलने के बाद जारी हुई प्रशासकीय स्वीकृति, रोज लगने वाले जाम से मिलेगी मुक्ति

रायगढ़ । रायगढ़ जिले में कई सडक़ों को चौड़ा करने का काम जारी है। रिंग रोड को भी मंजूरी दी गई है। अब सबसे अहम सडक़ रायगढ़ से घरघोड़ा को भी फोरलेन बनाने की मंजूरी दी गई है। वित्त विभाग से सहमति मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने 213 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। रायगढ़ से घरघोड़ा के बीच सबसे ज्यादा उद्योग स्थित हैं। सबसे ज्यादा कोयले का परिवहन भी इसी रूट से होता है। आए दिन भारी वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने और भारी जाम लगने की खबरें सामने आती रहती हैं। रायगढ़ से पूंजीपथरा होते हुए घरघोड़ा तक 37 किमी रोड को चौड़ा करने की मांग लंबे समय से होती रही है।

अब जाकर इसे मंजूरी मिली है। वर्ष 25-26 के बजट में शामिल रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा 37 किमी रोड के लिए 212.90 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। वित्त विभाग से सहमति मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है। 37 किमी रोड को फोरलेन के रूप में विकसित किया जाना है। विधिवत भू-अर्जन और निर्माण करने के लिए राशि को खर्च किया जाना है। प्रस्ताव के अनुसार सरकार ने अनुमति दी है। साथ ही कहा है कि सीमा के अंदर ही व्यय किया जाए।

जमीन की पहले करें जांच

पहले से मौजूद रोड को ही चौड़ा करके फोरलेन बनाया जाएगा। शासन ने कहा है कि पहले प्रभावित भूमि की पूरी जांच की जाए। यह देखा जाए कि कहीं पहले से उक्त भूमि का अधिग्रहण तो नहीं किया गया है। सडक़ के लिए पूर्व में हुए भूअर्जन के बाद रिकॉर्ड दुरुस्ती का परीक्षण भी किया जाएगा। साथ ही कमर्शियल निर्माण को दी गई अनुमति पर भी सवाल उठेंगे।

बेहद जरूरी है यह रोड

रायगढ़ से घरघोड़ा के बीच अनगिनत उद्योग संचालित हैं। इनमें काम करने वाले श्रमिक, कर्मचारी आदि इसी रोड से होकर रोज गुजरते हैं। आए दिन जाम होने से सभी परेशान हैं। सडक़ हादसे भी बेहिसाब होते हैं। इसलिए 37 किमी की रोड का चौड़ीकरण जरूरी था। संभव है कि इस रोड को रिंग रोड से कनेक्ट किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *