जेके रेस्टोरेंट की वेज बिरयानी में निकला चिकन का टुकड़ा, शाकाहारी ग्राहक भड़का, थाने में शिकायत

रायगढ़। शहीद चौक स्थित जेके रेस्टोरेंट में शनिवार दोपहर वेज बिरयानी में चिकन का टुकड़ा मिलने से एक ग्राहक नाराज हो गया। शाकाहारी भोजन का ऑर्डर देने वाले दरोगापारा मस्ता गली निवासी 25 वर्षीय आशुतोष सिंह ने भोजन में नॉनवेज मिलने की शिकायत पहले रेस्टोरेंट प्रबंधन से की और बाद में सिटी कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत भी दी। उनका कहना है कि वह शाकाहारी हैं और इस तरह भोजन में चिकन का टुकड़ा मिलना उनके लिए बेहद आपत्तिजनक और मानसिक रूप से परेशान करने वाला रहा। शनिवार दोपहर करीब दो बजे आशुतोष सिंह खाना खाने के लिए शहीद चौक स्थित जेके रेस्टोरेंट पहुंचे थे। उन्होंने शाकाहारी भोजन के तौर पर पनीर कढ़ाई, नान और वेज बिरयानी का ऑर्डर किया।

खाना परोसे जाने के बाद जब उन्होंने वेज बिरयानी खाना शुरू किया तो उसमें चिकन का टुकड़ा मिलने का दावा किया। वेज भोजन में मांस का टुकड़ा देखकर उन्होंने तत्काल रेस्टोरेंट के कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी और संचालक को मौके पर बुलवाया। आशुतोष के अनुसार, उन्होंने रेस्टोरेंट संचालक के सामने पूरी घटना को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि शाकाहारी भोजन का ऑर्डर देने के बावजूद उसमें नॉनवेज का टुकड़ा पहुंचना गंभीर लापरवाही है। उनका दावा है कि रेस्टोरेंट स्टाफ ने भी गलती होने की बात स्वीकार की। हालांकि, आशुतोष केवल गलती स्वीकार किए जाने से संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में किसी अन्य शाकाहारी ग्राहक के साथ ऐसी स्थिति न हो।

मामले को लेकर आशुतोष सिंह ने सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत भी दी। शिकायत के संबंध में पुलिस की ओर से बीएनएसएस की धारा 174 का हवाला देते हुए इसे पुलिस हस्तक्षेप योग्य मामला नहीं बताया गया और सक्षम न्यायालय की शरण लेने की बात कही गई। इसके बाद आशुतोष ने खाद्य एवं सुरक्षा विभाग तथा कलेक्टर के समक्ष शिकायत कर कार्रवाई की मांग करने की बात कही है। इस घटना के बीच रेस्टोरेंट की किचन व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, शहीद चौक स्थित जेके रेस्टोरेंट में वेज और नॉनवेज दोनों तरह के व्यंजन एक ही किचन में तैयार किए जाते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों तरह के भोजन की तैयारी के दौरान बर्तनों और कार्यस्थल के इस्तेमाल में कितनी सावधानी बरती जाती है, यह भी जांच का विषय हो सकता है।

हालांकि, इस व्यवस्था और घटना के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की पुष्टि खाद्य विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगी। मामला सामने आने के बाद खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी ने बताया कि रेस्टोरेंट के वेज भोजन में चिकन का टुकड़ा मिलने की जानकारी विभाग के संज्ञान में आई है। रविवार को शासकीय अवकाश होने के कारण जांच टीम मौके पर नहीं जा सकी। अधिकारी के अनुसार, सोमवार को विभागीय टीम रेस्टोरेंट पहुंचकर किचन और खाद्य पदार्थों की जांच करेगी। जांच में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कोई खामी सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *