किआ शोरूम के संचालक ने ट्रक को बनाया बंधक, ड्राईवर ने की थाने में शिकायत

रायगढ़ । ट्रक बैक करने के दौरान लाईट टूट कर कार पर गिरने से हुए मामूली नुकसान की भरपाई के लिए 50 हजार रूपए की मांग करते हुए किआ शो रूम संचालक द्वारा पिछले 6 दिनों से वाहन को गोदाम में बंद कर उसके सामने कार खड़े कर देने का मामला प्रकाश में आया है। खास बात यह है कि गाड़ी चालक द्वारा लिखित में शिकायत देने के बाद पुलिस समझाईश देने पहुंची परंतु शो रूम संचालक अपनी जिद्द पर अड़ते हुए पुलिस को ही चलता कर दिया। सोमवार को सब्जी मण्डी अध्यक्ष कुलदीप नरसिंह द्वारा मध्यस्थता करने का प्रयास किया गया परंतु मामला सुलझ नहीं पाया है।

इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को राजस्थान के डीग जिले के रहने वाले अली मोहम्मद असगर ने कोतरारोड थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देते हुए बताया कि वह छह चक्का ट्रक (एनएल 01 एएच 5634) को लेकर 26 अगस्त को रायगढ़ आया था। वहीं टीवीएस डीलर के कहने पर वाहन को बैक करते समय सडक़ पर लगी लाईट टूटकर किआ शोरूम की कार के ऊपर जा गिरी। इससे कार को थोड़ा नुकसान हुआ। अली मोहम्मद के अनुसार उसने अपने मालिक से बात करने के बाद नुकसान की भरपाई के लिए पांच हजार रूपए तक देने की बात कही, लेकिन किआ शोरूम की ओर से नुकसान की तुलना में अधिक राशि की मांग की गई। उससे 50 हजार रुपये तक मांगे जाने की बात शिकायत में कही गई है।

ड्राईवर का कहना है कि वह इतनी राशि देने में सक्षम नहीं है और इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। वहीं सहमति नहीं बनने पर थाने में रिपोर्ट कराये जाने के बजाए किआ शो रूम के संचालक ने गोदाम में उसके छह चक्का वाहन को ताला लगाकर बंद कर दिया और वाहन के सामने कार खड़ी कर दी गई, जिससे वह ट्रक को बाहर नहीं निकाल सका। दो दिन तक मान मनौव्वल के बाद भी अली मोहम्मद द्वारा दस हजार रूपए तक दे देने को कहा बावजूद इसके जब बात नहीं बनी तब उसने थाने की शरण ली। ड्राईवर अली मोहम्मद ने कोतरा रोड थाने में लिखित शिकायत दिये जाने के बाद पुलिस किआ शो रूम पहुंची और ट्रक को छोड़ देने तथा नुकसान किये जाने पर नियमानुसार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की उन्हे समझाईश दी गई परंतु शो रूम संचालक पर इसका कोई असर नहीं हुआ और वे अपनी जिद पर अड़े रहे।

वहीं सोमवार को सब्जी मण्डी अध्यक्ष कुलदीप नरसिंह को जब इस बात की जानकारी हुई तब उसने शो रूम पहुंच कर ट्रक को छोड़ देने और यदि नुकसान हुआ है तो थाने मेें रिपोर्ट दर्ज कराने की बता कही गई लेकिन शो रूम में कार्यरत कर्मचारी उसकी बात नहीं मानें। इस पर कुलदीप ने एक बार फिर पीडि़त ट्रक चालक के साथ थाने पहुंच कर कार्रवाई करने का निवेदन किया। कुलदीप के निवेदन पर पुलिस की ओर से एक बार फिर किआ शो रूम के संचालक को कानूनी तरीके से रिपोर्ट दर्ज कराते हुए ट्रक को छोडऩे की बात कही जिस पर शो रूम में उपस्थित कर्मचारियों ने थाने पहुंचने की बात कही। वहीं थाने में दोनों पक्षों के बीच किसी प्रकार से समझौता आज भी नहीं हो सका। ऐसे में अब पुलिस ने ड्राईवर और शो रूम के कर्मचारियों का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *