17 वर्षों में 7 लोगों से शुरू हुआ कारवां पहुंचा 350 श्रद्धालुओं तक


रायगढ़। बाबा धाम सेवा समिति बूनगा के तत्वावधान में बोल बम सेवा समिति का करीब 350 श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुआ। समाजसेवी आकाश मिश्रा के नेतृत्व में पिछले 17 वर्षों से संचालित यह सेवा यात्रा हर वर्ष श्रद्धालुओं को कांवरिया बनकर बाबा बैद्यनाथ की सेवा और दर्शन का अवसर प्रदान करती है।

समिति की इस यात्रा की शुरुआत वर्ष 2008 में महज सात लोगों के प्रयास से हुई थी। धीरे-धीरे श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई और आज यह कारवां करीब 350 लोगों के विशाल जत्थे का रूप ले चुका है। 21 अगस्त को सभी श्रद्धालु बिलासपुर-बक्सर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से देवघर के लिए रवाना हुए। देवघर पहुंचने के बाद श्रद्धालु सुल्तानगंज जाएंगे, जहां गंगा नदी से जल भरकर करीब 110 किलोमीटर की पैदल कांवर यात्रा करेंगे। इसके बाद बाबा वैद्यनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव को जल अर्पित कर पूजा-अर्चना करेंगे।

यात्रा में जांजगीर, सारंगढ़, डभरा, चंद्रपुर, पुसौर, रायगढ़ के भक्त शामिल हैं। इस धार्मिक यात्रा के सफल आयोजन में हेम श्रीवास, आशीष जायसवाल, मुरली यादव और अशिम मिश्रा का विशेष सहयोग रहता है। समिति से जुड़े श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखा गया। समिति का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सामूहिक रूप से बाबा बैद्यनाथ की भक्ति और सेवा का अवसर प्रदान करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *