त्योहार के बाद केलो नदी का आंचल मैला, प्लास्टिक कचरे का अंबार

  • कयाघाट से खर्राघाट के बीच बुरा हाल, गंदे पानी के तीन बड़े नाले मिल रहे नदी में

रायगढ़। दीपावली और छठ पूजा के रूप में दो बड़े त्योहार हाल ही में बीते हैं। इसके बाद केलो नदी का हाल बेहाल है। पूजा सामग्री, नारियल, फूल-मालाएं अब भी जहां-तहां दिखाई दे रही हैं। त्योहारों के बाद फैली गंदगी से केलो नदी का आंचल मैला हो रहा है। कयाघाट से खर्राघाट के बीच सबसे बुरे हालात हैं।

आधे से ज्यादा शहर की प्यास बुझाने वाली केलो नदी,धीरे-धीरे फिर से गंदी होने लगी है। नगर निगम की अपील का कुछ दिनों तक असर रहता है, उसके बाद फिर से लोग पुरानी आदत पर लौट आते हैं। अपने दुकानों, घरों का पूरा कचरा नदी में डाला जा रहा है। इसकी पड़ताल करने के लिए कयाघाट से खर्राघाट के बीच निरीक्षण किया गया।

जगह-जगह नदी के अंदर कचरे का ढेर दिखा। दीपावली और छठ पूजा के बाद नदी में प्लास्टिक कचरा, नारियल, फूल माला, पूजन सामग्री आदि डाल दी गई है। पानी के साथ बहकर निकलने के बजाय जगह-जगह जमा है जिससे नदी का पानी प्रदूषित हो रहा है। जहां-जहां पचरी बनी है, वहां किनारों पर सबसे ज्यादा गंदगी पसरी हुई है। केलो पुल के नीचे तो सबसे ज्यादा कचरा जमा है। ऐसा लगता है कि यहां कई महीनों से सफाई नहीं की गई। विकास स्कूल के पास बने एनीकट तक कचरा फैला हुआ है। ऐसा लगता है कि त्योहार मनाने के बाद केलो नदी को कचरा डंप यार्ड बना दिया गया है।

तीन बड़े नालों से जा रहा गंदा पानी

केलो नदी किनारे के मोहल्लों का कचरा नदी में डाला जा रहा है। हर रोज बेरोकटोक कचरा डालने का काम जारी है। इसके अलावा तीन बड़े गंदे नालों का पानी 24 घंटे नदी में घुस रहा है। एक नाला नालंदा परिसर के सामने, एक समलाई मंदिर घाट के पास और तीसरा कयाघाट के पास है। इसके अलावा शनि मंदिर के पास, एसईसीएल ऑफिस की ओर से भी गंदा पानी केलो नदी में पहुंच रहा है। इन नालों को एसटीपी से कनेक्ट नहीं किया जा सका है।

तीन साल से बन रहा प्रस्ताव पास नहीं

केलो नदी में गंदे पानी को मिलने से रोकने के लिए नगर निगम ने एक प्रस्ताव बनाया था। इन्वायरो इंफ्रा ने एसटीपी बनाने के साथ पंपिंग हाउस भी बनाया। लेकिन सभी नालों को नहीं जोड़ा। यही वजह है कि अभी भी गंदे नालों का पानी सीधे नदी में जा रहा है। नदी का पानी साफ होगा, तभी रिवरफ्रंट कॉरीडोर का औचित्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *