रायगढ़ । जिले में अलग-अलग घटनाओं में 6 लोग असमय काल कलवित हो गये तो वहीं आधा दर्जन गंभीर रूप से घायल हो गये है, जिन्हें उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दशहरा मेला देखने जाने के दौरान हुई सडक़ दुर्घटना में छाल थाना क्षेत्र में तीन लोग तथा खरसिया क्षेत्र में एक युवक की जान चली गई। वहीं कापू में अज्ञात वाहन की ठोकर से पैदल आ रहे पिता-पुत्री का करुणांत हो गया। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार छाल थाना अंतर्गत मंगलवार को ग्राम बेहरामार निवासी कृष्णा राठिया अपने साथी कुंदन राठिया, धर्मेन्द्र राठिया, जितेन्द्र राठिया के साथ मोटर सायकल क्रमांक ( क्रमांक सीजी 10 एएक्स 5710) से छाल दशहरा मेला देखने गये थे।
वहीं रात तकरीबन डेढ़ बजे छाल अस्पताल के आगे पुलिया के पास सडक़ पर लापरवाही पूर्वक खड़ी ट्रेलर क्रमांक (क्रमांक सीजी 12 बी. जे. 8526) से उनकी बाईक टकरा गई, जिससे चारों युवक सडक़ पर गिर गये और गंभीर रूप से जख्मी हो गये थे। वहीं कृष्णा राठिया एवं जितेन्द्र राठिया के सिर के पीछे भाग में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही दोनों की मौत हो गई तथा धर्मेन्द्र राठिया व कुंदन राठिया को घायल अवस्था में उपचार के लिए छाल प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती किया गया था जहां प्राथमिक जांच के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया। घटना की रिपोर्ट पर छाल पुलिस ने ट्रेलर चालक के विरुद्ध बीएनएस की धारा 106 (1), 125 (ए), 281 के तहत जुर्म दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई प्रारम्भ कर दी है।
वहीं एक अन्य घटना में मंगलवार को छाल निवासी चन्द्रदेव सिंह ठाकुर अपनी पत्नी लक्ष्मी सिंह तथा बहू दिव्या सिंह व बच्चों के साथ छाल के दशहरा मैदान मेला देखने पैदल जा रहे थे इसी दौरान रास्ते में पीछे से तेज रफ्तार आ रही होण्डा एसपीसाईन मोटर सायकिल (क्रमांक सीजी 13 एयू 5383) के चालक ने लापरवाही पूर्वक बाइक चलाते हुए चन्द्रदेव सिंह को ठोकर मार दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर रूप से चोट आई थी। वहीं चन्द्रदेव सिंह को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां प्रारम्भिक जांच उपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छाल पुलिस द्वारा बाईक चालक के विरुद्ध जुर्म दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
स्कूटी व बाईक की भिड़ंत में युवक की मौत
सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फगुराम निवासी पीयूष चौहान अपने दोस्त देवेन्द्र सहीस, आकाश महंत के साथ स्कूटी (क्रमांक सीजी 13 बीडी 6091) से खरसिया दशहरा मेला देखने गया था। रात तकरीबन 11 बजे दशहरा मेला देखकर वे वापस फगुरम जा रहे थे तभी ग्राम छोटे मुड़पार मेन रोड में विपरीत दिशा से आ रही एचएफ डीलक्स बाइक (क्रमांक सीजी 13 एएक्स 5061) का चालक तेज रफ्तार एवं लापरवाही से दुपहिया चलाते स्कूटी को ठोकर मार दिया। इस घटना में पीयूष चौहान के सिर में गंभीर चोट लगने पर उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं देवेन्द्र सहिस व आकाश महंत गंभीर रूप से घायल हो गये, जिन्हें खरसिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं खरसिया पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के विरुद्ध जुर्म दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारम्भ कर दी है।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पिता-पुत्री की मौत
मिली जानकारी के मुताबिक सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरिमा निवासी पवन कोरवा अपनी पत्नी इतवारी बाई कोरवा एवं बेटी नयन्ती कोरवा के साथ रविवार को अपने ससुराल कापू क्षेत्र के ग्राम कौहाडाही पारेमेर आया था। सोमवार की शाम को वे तीनों अपने बहन दामाद दिनाराम कोरवा एवं समारी कोरवा के साथ ग्राम इंचपरा राशन सामान लेने गये थे। दुकान से राशन सामान खरीदकर सभी पैंदल वापस कौहाडाही आ रहे थे। इसी दौरान इंचपारा पारेमेर जाने वाले मेन रोड के पास पीछे तरफ से आ रही एक सफेद रंग की अज्ञात वाहन (क्रमांक सीजी 24-4595) के चालक द्वारा तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से उन्हें ठोकर मार कर फरार हो गया।
इस घटना में पवन कोरवा व उसकी बेटी नयन्ती कोरवा सहित दिनाराम कोरवा व इतवारी कोरवा को गंभीर चोट आई थी, जिन्हें इलाज के लिए कापू स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां प्रारम्भिक जांच के बाद चिकित्सकों ने पवन कोरवा एवं नयन्ती कोरवा को मृत घोषित कर दिया। वहीं दिनाराम कोरवा में व इतवारी कोरवा का उपचार जारी है। कापू पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध बीएनएस की धारा 281, 125 ए, 106 (1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसकी पतासाजी प्रारम्भ कर दी है।



