रायगढ़ में बकायेदारों पर बिजली विभाग की कड़ी कार्रवाई: 52 सरकारी दफ्तरों और 32 मकानों के कनेक्शन काटे

शहर में 5 टीमों ने चलाया सघन वसूली अभियान, ऑन द स्पॉट 14 लाख की वसूली

रायगढ़ / शहर में लंबे समय से बिजली बिल जमा न करने वाले बकायेदारों के खिलाफ मंगलवार को विद्युत विभाग ने व्यापक वसूली अभियान चलाया। विभागीय कार्ययोजना के तहत गठित 5 अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी। विभागीय सूची के अनुसार 88 बड़े बकायेदारों को चिह्नित किया गया था, जिन पर कुल 30 लाख रुपये की राशि बकाया थी। कार्रवाई के दौरान मौके पर बिल भुगतान न करने वाले 32 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन तत्काल प्रभाव से काट दिए गए।

वहीं, विभाग की इस सख्त कार्रवाई को देखते हुए 56 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही करीब 14 लाख रुपये के बकाया बिल का भुगतान कर दिया, जिससे उनके कनेक्शन कटने से बच गए। वसूली अभियान के तहत आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ बकायेदार शासकीय कार्यालयों पर भी कड़ी कार्रवाई की गई है। शहर के 52 ऐसे शासकीय विभाग, जहां स्मार्ट मीटर स्थापित हैं और लंबे समय से बकाया लंबित था, उनके कनेक्शन ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से ‘ऑटो कट’ कर दिए गए।

विद्युत विभाग ने शहर के सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिन्हें अपने बिजली बिल की बकाया राशि की सही जानकारी नहीं है, वे तुरंत नजदीकी विद्युत कार्यालय में संपर्क कर अपना बिल जांच लें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकायेदारों के खिलाफ आगे भी बिना किसी पूर्व सूचना के कनेक्शन काटने की कार्रवाई जारी रहेगी। अतः उपभोक्ता किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए समय रहते अपने बकाया बिल का भुगतान सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *