तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार परिवार को मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौके पर मौत; पत्नी और मासूम बेटा घायल...

रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और मासूम बेटा घायल हो गए। हादसा शुक्रवार दोपहर नावापारा बाजार के सामने लारा रोड पर हुआ, जहां तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक के सिर में गंभीर चोट आई और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मिली जानकारी के अनुसार लंकापाली निवासी हाराचंद चौहान शुक्रवार 27 नवंबर को सुबह करीब 9:10 बजे अपनी पत्नी संजूलता चौहान और बेटे आयुष चौहान के साथ होंडा सीबी साइन बाइक (क्रमांक OD 23 K 0437) से ग्राम कंडेकेला गए थे। दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच वे कंडेकेला से रायगढ़ लौट रहे थे। मिली जानकारी के मुताबिक नावापारा बाजार के सामने नावापारा रोड की तरफ से आ रही बोलेरो (क्रमांक OR 17 K 5916) के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में हाराचंद चौहान के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी संजूलता के मुंह और हाथ में चोटें आई हैं, जबकि बेटे आयुष के दाहिने पैर में चोट लगी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के पिता समारू चौहान ने अपने साथी ध्रुवकुमार चौहान के साथ पुसौर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *