रायगढ़ । चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में लघुशंका करने गई 38 वर्षीय महिला का कथित तौर पर छिपकर वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। महिला की नजर युवक पर पड़ने के बाद उसने शोर मचाया, जिसके बाद युवक मौके से भाग निकला। इस दौरान उसका मोबाइल गिर गया। महिला के पति और जेठ ने मोबाइल उठाकर देखा तो उसमें महिला का वीडियो मिला। मामले में पीड़िता ने मंगलवार को चक्रधरनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 77 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोशनदान से वीडियो बनाने का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार चक्रधरनगर थाना क्षेत्र निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि रविवार की रात करीब 8 बजे खाना खाने के बाद वह घर के बगल में बने शौचालय के पास खुले स्थान पर लघुशंका करने गई थी। इसी दौरान उसकी नजर घर की बाउंड्री वॉल में बने रोशनदान के पास छिपे गांव के ही एक युवक पर पड़ी। महिला के अनुसार युवक मोबाइल से उसका वीडियो बना रहा था। युवक को इस तरह वीडियो बनाते देख महिला ने शोर मचाया। आवाज सुनकर उसका पति और जेठ बाहर निकले। महिला ने उन्हें घटना की जानकारी दी। दोनों ने बाहर निकलकर देखा तो युवक वहां से भाग रहा था। इसी दौरान उसका मोबाइल जमीन पर गिर गया।
मोबाइल में मिला महिला का वीडियो
पति और जेठ ने जमीन पर पड़ा मोबाइल उठाया। मोबाइल की जांच करने पर उसमें महिला का वीडियो मिला। इसके बाद परिवार ने आपस में सलाह-मशविरा किया। मंगलवार को महिला अपने पति के साथ चक्रधरनगर थाने पहुंची और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दी। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी युवक के विरुद्ध बीएनएस की धारा 77 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।




