पुटकापुरी में अंधेरगर्दी : नशे के कारोबार से परेशान महिलाएं पहुंचीं कलेक्टर जनदर्शन में

रायगढ़ । पुसौर ब्लाक के ग्राम पुटकापुरी में खुलेआम हो रही शराब एवं गांजा बिक्री पर लगाम लगाने के लिए महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक के नाम आवेदन दिया है। ग्रामीणों का कहना था कि इसका असर बच्चों पर भी पड़ रहा है। वहीं महिलाओं ने कलेक्टर को भी पृथक से ज्ञापन सौंपते हुए गांव में महतारी सदन निर्माण की मांग की है। पुसौर ब्लाक के ग्राम पुटकापुरी की महिलाएं सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंच कर सर्वप्रथम एसएसपी शशिमोहन के नाम आवेदन देते हुए बताया कि उनके गांव मेें कुछ स्थानीय व्यक्तियों द्वारा ही खुलेआम गांजा व शराब की बिक्री की जा रही है।

वहीं आसानी से नशे की सामग्री उपलब्ध होने के कारण 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों मेें भी नशे की लत पड़ रही है। नशे में गांव में आये दिन सार्वजनिक स्थानों पर लोग गाली-गलौज करते रहते हैं, जिससे महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने भावी पीढ़ी को नशे से दूर रखने एवं गांव को नशामुक्त बनाने मेें सहयोग करते हुए पुलिस कार्रवाई की मांग की है। वहीं महिलाओं ने जनदर्शन कार्यक्रम मेें पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए गांव में महतारी सदन निर्माण की स्वीकृति दिलाने की मांग की है। महिलाओं द्वारा दिये गये आवेदन में कहा गया है कि पुटकापुरी गांव कलस्टर ग्राम है।

जनपद पंचायत पुसौर के 35 पंचायतों का कलस्टर मुख्यालय है तथा ग्राम पंचायत में 24 स्व सहायता समूह है, जिसमें लगभग ढाई सौ महिला सदस्य है। कलस्टर स्तर की सभी बैठकें ग्राम पुटकापुरी मेें ही होती है इसके अलावा प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं संकुल संगठन के कार्य भी होते है। स्थाई भवन नहीं होने के कारण बैठक व्यवस्था में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए महतारी सदन निर्माण की स्वीकृति दिलाने की उन्होंने मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *