शराब पीने से मना करने पर पत्नी पर हमला, आरोपी पति गिरफ्तार

धमतरी। मगरलोड थाना क्षेत्र में शराब पीने से मना करने को लेकर पत्नी से विवाद के बाद उस पर हमला करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा सहित अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर की रात ग्राम भैंसमुडी निवासी चम्मन लाल साहू शराब के नशे में घर पहुंचा था। शराब पीने से मना करने की बात को लेकर उसका पत्नी किरण साहू से विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर हथौड़े से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम ने घायल महिला को सीएचसी मगरलोड पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया। महिला का उपचार जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पाण्डेय के निर्देश पर मगरलोड पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *