रायगढ़ से भागा एयरगन से फायरिंग करने वाला ग्वालियर में गिरफ्तार, साइबर सेल की 700 किमी लंबी सर्जिकल स्ट्राइक

  • फरार कराने में मदद करने वाला साला पहले ही भेजा जा चुका है जेल

रायगढ़। अपराध चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के लंबे हाथ और रायगढ़ पुलिस की पैनी नजर से बचना नामुमकिन है। कोतरारोड इलाके में महज पानी की छींटें पड़ने जैसे मामूली विवाद में एक युवक के सिर पर एयरगन तानकर फायर करने वाला सनकी आरोपी आखिरकार सलाखों के पीछे पहुंच गया है। रायगढ़ पुलिस की साइबर टीम और सिटी कोतवाली ने करीब 700 किलोमीटर पीछा करते हुए फरार आरोपी को ग्वालियर रेलवे स्टेशन से दबोच लिया है।

खौफ की वह रात जब बाल-बाल बची जान

29 अगस्त 2026 की रात कोतरारोड क्षेत्र में सड़क पर पानी की छींटें पड़ने को लेकर खुशहाल अग्रवाल का एक अनजान शख्स से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में उस शख्स ने एक पिस्टलनुमा हथियार निकाला और सीधे खुशहाल के सिर को निशाना बनाकर दो बार फायर कर दिया। खुशहाल के तुरंत नीचे बैठ जाने से एक बड़ी अनहोनी टल गई। दहशत फैलाकर आरोपी अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर फरार हो गया। कोतवाली पुलिस ने मामले में धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। घटनास्थल पर छूटी बाइक से पुलिस को आरोपी का सुराग मिला, जिसकी पहचान हरसवरन सिंह घोतड़ा (मूल निवासी जालंधर, पंजाब, हाल मुकाम तेंदूडिपा, रायगढ़) के रूप में हुई।

साले ने भगाने में की थी मदद

पुलिस तफ्तीश में सामने आया कि हरसवरन को भगाने में उसके साले बुधराम चौहान (निवासी रेलवे बंगलापारा) ने मदद की थी। वारदात के बाद घबराए हरसवरन को बुधराम ने अपनी बाइक (CG 13 AT 6257) से भूपदेवपुर रेलवे स्टेशन तक सुरक्षित छोड़ा था। संलिप्तता पाए जाने पर कोतवाली पुलिस ने बुधराम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। साले से हुई पूछताछ में ही पुलिस को हरसवरन के ग्वालियर भागने का सुराग मिला।

रायगढ़ से ग्वालियर तक पुलिस का ‘डिजिटल चेज’

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल को एक्टिव किया। साइबर टीम ने आरोपी के डिजिटल फुटप्रिंट खंगाले। जैसे ही लोकेशन ग्वालियर की तरफ ट्रेस हुई, रायगढ़ पुलिस की एक विशेष टीम ग्वालियर रवाना हो गई। वहां जीआरपी (GRP) ग्वालियर के सहयोग से घेराबंदी कर 44 वर्षीय आरोपी हरसवरन सिंह घोतड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया।

ऑनलाइन खरीदा था हथियार

रायगढ़ लाकर सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने खुलासा किया कि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टलनुमा एयरगन उसने ऑनलाइन खरीदी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वह मोबाइल भी जब्त कर लिया है, जिससे उसने भागते समय संपर्क किया था।

कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह, एएसपी अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में हुई। साइबर डीएसपी शिखर मरावी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी साइबर विजय चेलक, कोतवाली टीआई अमित सिंह, एएसआई नंद कुमार सारथी, आरक्षक महेश पंडा और संतराम केंवट की टीम ने इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *