रायगढ़ । एनटीपीसी के ठेकेदार के वृंदावन कॉलोनी स्थित सूने मकान में चोरों ने धावा बोलकर 10 लाख 39 हजार रूपए नगद सहित अन्य सामानों को पार कर दिया। मकान मालिक के द्वारा तदाशय की सूचना थाने में दिये जाने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू की। वहीं आरोपियों की पतासाजी के लिए फारेंसिक टीम एवं डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। बताया जा रहा है कि घर में लगे सीसीटीवी में चोर नजर आ रहा है जिसके हुलिये के आधार पर पुलिस द्वारा उसकी खोजबीन की जा रही है। उक्त चोरी की वारदात कोतरा रोड थाना क्षेत्र की है।
इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक कोतरा रोड थानांतर्गत वृंदावन कालोनी के मकान नंबर 113-1 निवासी आनंद कुमार सिंघानिया पिता शिव कुमार सिंघानिया (49 वर्ष) एनटीपीसी में ठेकेदारी का काम करता है। रविवार को आनंद कुमार की पत्नी मीनाक्षी सिंघानिया को कलकत्ता गई थी जिसे झारसुगड़ा एअरपोर्ट छोडऩे आनंद कुमार भी गया था। वहीं घर में रह कर काम करने वाले कर्मचारी टिनमिनी निवासी रूपचंद यादव भी रविवार की शाम को काम है बोलकर अपने गांव चला गया था। इधर पत्नी को एअरपोर्ट छोडऩे के बाद आनंद कुमार भी उस दिन झारसुगड़ा में ही रूक गया था।
मंगलवार को रूपचंद यादव वापस आया तो घर के दरवाजा का ताला टूटा हुआ देखकर उसके ड्राईवर आशु को बताया। वहीं आशु द्वारा आनंद कुमार को ताला टूटने की बात बताये जाने पर वह रायगढ़ वापस पहुंचा और देखा तो मकान का ताला तोड़ते हुए अज्ञात चोर लॉकर में रखे नगद रूपए व अन्य सामान चोरी कर ले गया था। आनंद कुमार ने कोतरा रोड थाने में तदाशय की सूचना दी। वहीं पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की तथा फॉरेंसिक टीम व पुलिस डॉग की भी मदद ली गई। वहीं घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की करतूत साफ नजर आ रही है।
हालांकि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। वहीं सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चोरी सोमवार की रात लगभग ढाई बजे हुई है। वहीं आनंद कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसके घर के लॉकर में पहले से 39 हजार रूपए रखे हुए थे तथा गुरूवार को उसने व्यवसायिक कार्य के लिए अपने दोस्त ढिमरापुर निवासी मनीष कुमार अग्रवाल से 10 लाख रूपए लिये थे जिसे भी लॉकर में रखा था। लॉकर में रखे पूरे रूपए याने की कुल 10 लाख 39 हजार रूपए के साथ ही अन्य सामान भी चोरी हुए है।

सामानों की जांच करने के बाद ही विस्तृत जानकारी मिल पायेगी। वहीं पुलिस ने प्रार्थी आनंद कुमार सिंघानिया की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के विरूद्ध बीएनएस की धारा 331 (4), 305 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है।



