रायगढ़। पुलिस ने खरसिया के ग्राम ठुसेकेला में विगत चौबल हत्याकांड का 48 घंटे के भीतर आज खुलासा किया,पुलिस जांच में मृतक बुधराम सिदार और उसके परिवार की हत्या का कारण चरित्र शंका सामने व जमीन संबंधी विवाद में पड़ोसी लकेश्वर पटैल ने नाबालिग के साथ मिलकर पूरे परिवार की निर्मम हत्या करना स्वीकार किया है।

जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर को ग्राम ठुसेकेला राजीव नगर में ग्रामीणों ने खरसिया पुलिस को सूचना दी थी मोहल्ले में तेज गंध आ रही है वहीं बुधराम उरांव का घर अंदर से बंद है और भीतर खून के धब्बे दिख रहे हैं। जिस पर खरसिया पुलिस, एफएसएल, फिंगरप्रिंट, डॉग स्क्वाड और बीडीएस की टीमें मौके पर पहुंचीं, जांच में बुधराम उरांव (42), उसकी पत्नी सहोद्रा (37) और दोनों बच्चों अरविंद (12) और शिवांगी (5) के शव बाड़ी में खाद के गड्ढे से बरामद हुए।
आरोपी लकेश्वर पटैल ने स्वीकार किया कि घटना के पूर्व बुधराम और उसकी पत्नी की गैर मौजूदगी में उसके घर की रैकी की थी। आरोपी ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है, उसका पडोसी मृतक बुधराम उराँव भी राजमिस्त्री का करता है जो अपने परिवार के साथ रहता था। दोनो के बीच पिछले कुछ समय से कई कारणों से झगड़ा विवाद हुआ था। आरोपी ने बताया कि वह पड़ोसी बुधराम के बाडी जमीन को खरीदना चाहता था जिसे कई बार बुधराम से मांगा, बुधराम ने जमीन बेचने से इंकार किया था, करीब 6 माह पूर्व लकेश्वर के लड़के ने बुधराम के घर में घुसकर चोरी किया था जिसे आपस मे सुलझा लिये थे। लकेश्वर पटैल मृतक बुधराम व अपनी पत्नी के चरित्र पर शंका करता था, इन सभी बातों को लेकर लकेश्वर पटैल बुधराम से रंजिश रखे हुआ था और बुधराम की हत्या की योजना बनाकर मौके की ताक में था ।
वहीं 9 सितंबर की रात प्लान के मुताबिक आरोपित लकेश्वर और नाबालिग, बुधराम के घर घुसे और सोये बुधराम और उसकी पत्नी, बच्चों की हथियार से हमले कर हत्या कर दिये फिर शवों को घर के दूसरे कमरे में जमीन खोद कर दफनाना चाहे पर जमीन सख्त होने से गढ्ढा नहीं कर पाया और शवों को घसीटते हुए बाड़ी की ओर ले जाकर खाद में गढ्ढा कर दफन करने का प्रयास किया। पुलिस ने घटनास्थल ले जाकर आरोपियों से पूरी घटना का री-क्रिएशन कराया गया। आरोपियों के बयान पर टंगिया, रॉड, गैंती, फावड़ा, कपड़े आदि महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जप्ती कर दोनों को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।





