भिलाई। छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म मामले में एक इंश्योरेंस एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अपने ही क्षेत्र की एक लड़की से उसकी जान पहचान और प्यार हुआ। फिर शादी की बात कहकर लगातार शोषण करता रहा और मुकर गया। खास बात यह है कि लड़के और लड़की दोनों के परिजन उनकी शादी के लिए तैयार हैं, लेकिन आरोपी फिर भी नहीं मान रहा। उसका कहना है कि सजा काट लूंगा, लेकिन इस बेवफा से शादी नहीं करूंगा। मामला भट्टी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-2 निवासी दानेश्वर डडसेना एक इंश्योरेंस कंपनी में एजेंट है। काम के दौरान ही करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात भिलाई की ही रहने वाली एक लड़की से हुई। वह भी एजेंट का काम करती थी। लड़की का आरोप है कि दोनों के बीच प्यार हो गया। इसके बाद शादी की बात कहकर दानेश्वर ने उससे संबंध बनाए। फिर बार-बार शादी का वादा कर शारीरिक शोषण करता रहा। इसके बाद पुणे चला गया। वहां से लौटा तो फिर मुलाकात के लिए बुलाया और दुष्कर्म किया।
आरोप है कि जब शादी के दबाव बनाया तो दानेश्वर ने इनकार कर दिया। इसके बाद लड़की थाने पहुंची और एफआईआर दर्ज करा दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी का गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी केके कुशवाहा ने बताया कि आरोपी के घर वाले भी शादी के लिए तैयार हैं। उन्होंने लड़के को समझाया भी, लेकिन वह फिर भी नहीं मान रहा है। उसका कहना है कि, जेल में सजा काट लूंगा, लेकिन लड़की से शादी नहीं करूंगा। आरोपी ने लड़की को बेवफा बताया है।
