सपोस ग्राम वासियों से पर्यावरण सरक्षण सीखने की ओपी ने दी सलाह
रायगढ़ । जिले महासमुंद के ग्रीन ग्राम सपोस में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता मे प्रदेश भाजपा महामंत्री ओपी चौधरी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। क्रिकेट टूर्नामेंट में क्रिकेट क्लब सपोस ने अभनपुर इलेवन को हरा कर जीत दर्ज करने वाली विजेता टीम को बधाई देते हुए भाजपा नेता ओपी चौधरी ने कहा खेल में खिलाड़ियों को या तो जीत मिलती है या फिर सीख मिलती है। खेल के जरिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा होती है।खेल के जरिए हमारा स्वास्थ्य बेहतर होता है रोगों की संभावनाएं खत्म होती है।


युवाओं को संबोधित करते हुए ओपी ने कहा स्वस्थ रहने के लिए जीवन में खेल को अवश्य शामिल करना चाहिए।भाजपा नेता ने ग्रीन ग्राम सपोस के पर्यावरण सरक्षण हेतु किए जा रहे जन जागरण अभियान का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए बताया कि सपोस ग्राम वासियों ने छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा करने का अनूठा तरीका हमे सिखाया है। गांव के चारो ओर हरे भरे पेड़ो की हरियाली है।पर्यावरण सरक्षण का संदेश देने के लिए गांव के हर घर को हरे रंग से पोता गया है।आश्चर्य की बात तो यह है कि गांव में कही भी कचरा नहीं है। ग्रीन ग्राम सपोस प्रधान मंत्री मोदी के स्वच्छ मिशन अभियान का आदर्श मिशाल पेश कर रहा है। राष्ट्र प्रेम की अलख जगाए रखने के लिए गांव में प्रति दिन सुबह सात बजे राष्ट्रगान होता है। गांव में जगह जगह लगे हुए स्पीकर में जैसे ही सात बजे राष्ट्र गान शुरू होता है। ग्राम वासी जो जहां रहते है वही राष्ट्र गान के सम्मान में खड़े होकर राष्ट्र गान में शामिल होते है।
