रायगढ़

ग्रामीण शिक्षा को डिजिटल उड़ान: NTPC Lara ने रेंगालपाली स्कूल को दिए 7 स्मार्ट क्लासरूम


रायगढ़। डिजिटल शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक मजबूत कदम उठाते हुए NTPC लारा ने अपनी नैगम सामाजिक दायित्व (CSR) पहल के तहत रेंगालपाली स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को 7 स्मार्ट क्लासरूम का हस्तांतरण किया। इस पहल से सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को तकनीक-आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके शैक्षणिक स्तर के साथ-साथ डिजिटल समझ भी सुदृढ़ होगी।


कार्यक्रम में NTPC लारा के परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) जाकिर खान सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, सरपंच, उपसरपंच एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख (HOP) ने कहा— “ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे और शिक्षक मिलकर एक बेहतर और सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। NTPC का प्रयास है कि शिक्षा के माध्यम से भविष्य की मजबूत नींव तैयार की जाए।”


गौरतलब है कि NTPC लारा अपने CSR फंड के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कौशल विकास के क्षेत्रों में निरंतर योगदान देता रहा है। इसी क्रम में यह स्मार्ट क्लासरूम पहल शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम मानी जा रही है। विद्यालय प्रबंधन एवं स्थानीय समुदाय ने NTPC लारा की इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के समग्र विकास एवं समाज निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button