रायगढ़। उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने अपने विधानसभा क्षेत्र खरसिया में बिना अनुमति फ्लाई एश डालने पर सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है। इसके बावजूद सबसे अवैध डंपिंग वहीं हो रही है। एक किसान के खेत को भी पाट दिया गया है। इसकी शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई ही नहीं हो सकी है।

रायगढ़ जिले में फ्लाई एश एक विकराल समस्या बन चुकी है। कलेक्टर के निर्देश पर एक कमेटी बनाई गई है जो लो लाइंग एरिया में एश पाटने के लिए अनुमति देती है। जो लेकर फ्लाई एश डाल रहे हैं, वे भी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। धनागर के किसानों मोहन लाल व मदनलाल और रामेश्वर पटेल निवासी ग्राम धनागर ने एनएच 49 के अगल-बगल स्थित अपनी कृषि भूमि खसरा न. 122/1 रकबा से0.189 और खनं 100/1 रकबा 0.029 हे. में अवैध रूप से फ्लाई एश डाले जाने की शिकायत की थी।


तीनों ने श्यामाचरण उर्फ मुन्ना पटेल पिता डोरीलाल पटेल निवासी धनागर द्वारा ढाबा बनाने के लिए अवैध फ्लाई एश डंप करने की लिखित शिकायत भी की थी। करीब एक साल से ये किसान कार्रवाई के लिए चक्कर काट रहे हैं। इस मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। किसानों के खेत बंजर हो गए हैं। बताया रहा है कि उक्त फ्लाईएश जांजगीर जिले के पॉवर प्लांट से लाया जा रहा है।
