शोरूम में चाबी लगी देखी तो पार कर दी 4 नई एक्टिवा, पेट्रोल खत्म होने पर छोड़ देते थे बाइक, चढ़े पुलिस के हत्थे

  • शोरूम यार्ड में दाखिल होकर अलग-अलग दिनों में चोरी की गई थीं चार स्कूटियां
  • मार्शल यादव और सुनील सारथी गिरफ्तार, बाइक चोरी के दो पुराने मामलों का भी खुलासा
  • चक्रधरनगर और कोतवाली क्षेत्र की वारदातों को लेकर भी पूछताछ जारी

रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र में वाहन चोरी के मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चार चोरी की एक्टिवा स्कूटी बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने करीब एक-दो महीने पहले चोरी हुई HF Deluxe और Dream Yuga मोटरसाइकिलों की वारदात भी कबूल की है। दोनों बाइक पुलिस को पहले ही अलग-अलग स्थानों से लावारिस हालत में मिल चुकी थीं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद करीब 4.50 लाख रुपये की संपत्ति बरामद करने का दावा किया है।

शारदा होंडा के यार्ड से चोरी हुई थीं चार एक्टिवा

14 से 17 अगस्त 2026 के बीच मिट्ठुमुड़ा स्थित शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से चार एक्टिवा स्कूटी चोरी हुई थीं। शोरूम प्रबंधन की रिपोर्ट पर 20 अगस्त को थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 461/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की स्कूटियां आरोपियों के पास हैं। पूछताछ में मार्शल यादव ने अपने साथी सुनील सारथी के साथ मिलकर यार्ड में घुसकर स्कूटियां चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस के मुताबिक यार्ड में नई स्कूटियों की कतार लगी थी और कई वाहनों में चाबी लगी हुई थी। आरोपियों ने अलग-अलग दिनों में चार स्कूटियां चोरी कीं और उन्हें नगर निगम कॉलोनी स्थित सुनील सारथी के घर के नीचे छिपाकर रखा था। दोनों चोरी के वाहनों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चारों एक्टिवा बरामद कर लीं।

HF Deluxe और Dream Yuga चोरी का भी खुलासा

पूछताछ में मार्शल यादव ने करीब दो महीने पहले HF Deluxe मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी बताई। उसके अनुसार चोरी के बाद पेट्रोल खत्म होने पर बाइक को पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के पास छोड़ दिया गया था। पुलिस ने इसे बाद में लावारिस हालत में बरामद किया था। इस मामले में थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 374/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज है।

इसी तरह करीब एक महीने पहले गांधीनगर-काशीराम चौक से Dream Yuga मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13-AB-8156 चोरी होने के मामले में भी आरोपी ने अपनी संलिप्तता बताई। चोरी के बाद पेट्रोल खत्म होने पर बाइक को कोड़ातराई के पास छोड़ दिया गया था, जहां से पुलिस ने उसे लावारिस हालत में बरामद किया था। इस मामले में अपराध क्रमांक 439/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।

अन्य थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को लेकर पूछताछ

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान मार्शल यादव ने चक्रधरनगर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में भी मोटरसाइकिल चोरी की कई वारदातों के बारे में जानकारी दी है। पुलिस इन मामलों में उसकी भूमिका और घटनाओं से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

मार्शल पर पहले भी वाहन चोरी के मामले

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मार्शल यादव पहले भी वाहन चोरी के मामलों में पकड़ा जा चुका है। पिछले महीने चक्रधरनगर पुलिस ने उसे छोटे अतरमुड़ा क्षेत्र में स्कूटी चोरी के एक मामले में गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा था।

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में मार्शल यादव पिता धनसिंह यादव (26), निवासी मिट्ठुमुड़ा, गांधी नगर, थाना जूटमिल तथा सुनील सारथी उर्फ चद्दर पिता रामलाल सारथी (34), निवासी भजनडीपा, नगर निगम कॉलोनी, थाना जूटमिल को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा दोनों के खिलाफ संबंधित मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *