रायगढ़। सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स और व्यूज पाने की होड़ किस तरह युवाओं को गैर-जिम्मेदाराना हरकतों तक ले जा रही है, इसका एक मामला रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से सामने आया है। यहां एक युवक ने स्कूल से घर लौट रही छात्राओं के सामने अश्लील गाने पर डांस करते हुए रील बनाई और उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद धरमजयगढ़ पुलिस ने युवक को तलब किया। पूछताछ और पुलिस की समझाइश के बाद युवक ने अपने कृत्य पर माफी मांगी। अब उसका थाने के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए वीडियो भी सामने आया है।
फॉलोअर्स के कमेंट पर मिला था रील बनाने का टास्क
सामने आए वीडियो में युवक बताता नजर आ रहा है कि कुछ लोगों ने कमेंट के जरिए उसे स्थानीय स्कूल के बाहर ऐसा करने का टास्क दिया था। इसके बाद स्कूल की छुट्टी के दौरान सड़क से गुजर रही छात्राओं के सामने युवक अश्लील गाने पर डांस करते हुए वीडियो बनाता दिखाई देता है। वीडियो में छात्राओं की मौजूदगी और उनकी प्रतिक्रिया को भी रिकॉर्ड किया गया है। युवक ने बाद में इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर दिया, जिसके सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
इंस्टाग्राम आईडी से हुई पहचान, पुलिस ने थाने बुलाया
वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की जानकारी मिलने पर धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी ने मामले को संज्ञान में लिया और युवक को तलब करने के निर्देश दिए। धरमजयगढ़ पुलिस ने संबंधित इंस्टाग्राम आईडी के आधार पर वीडियो बनाने वाले युवक की पहचान धरमजयगढ़ कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय जयदेव मंडल, पिता समरेत मंडल, के रूप में की। इसके बाद उसे थाने बुलाकर वीडियो के संबंध में पूछताछ की गई। पूछताछ में युवक ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाने और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड करने की बात स्वीकार की।
पुलिस की समझाइश के बाद जोड़े हाथ, मांगी माफी
पुलिस ने युवक को सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं को असहज करने वाले अशोभनीय कृत्यों से बचने तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की समझाइश दी। इसके बाद जयदेव मंडल ने अपने कृत्य पर माफी मांगी और भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने का आश्वासन दिया। पुलिस द्वारा जारी माफीनामे के वीडियो में भी युवक धरमजयगढ़ थाने के सामने हाथ जोड़कर खड़ा दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह स्कूल के सामने छात्र-छात्राओं के बीच अशोभनीय गाने पर वीडियो बनाने को गलत बताते हुए छात्राओं, उनके परिवार और धरमजयगढ़ के लोगों से माफी मांगता नजर आ रहा है।
सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर
रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी कर रही है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली, अशोभनीय या भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ऐसी गतिविधियां सामने आने पर संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




