रायगढ़। संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण, छत्तीसगढ़ द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सत्र 2026-27 हेतु प्रवेश के लिए आठवें चरण की काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी किया गया है। इसके अंतर्गत आईटीआई रायगढ़ में प्रवेश के इच्छुक पात्र अभ्यर्थियों के लिए यह अंतिम अवसर है। जारी कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन पंजीयन एवं Form Registration तथा Choice Filling की प्रक्रिया 03 सितंबर से 05 सितंबर 2026 तक निर्धारित है। पंजीयन एवं विकल्प चयन की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात 06 सितंबर 2026 को एनआईसी द्वारा मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसी दिन चयन सूची भी जारी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में 07 सितंबर 2026 को प्रवेश (Admission) दिया जाएगा।
आईटीआई का महत्व
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) युवाओं को तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल प्रदान करने वाले महत्वपूर्ण प्रशिक्षण संस्थान हैं। आईटीआई में विभिन्न ट्रेडों का प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा अपने रुचि एवं योग्यता के अनुरूप तकनीकी दक्षता विकसित कर सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त व्यावहारिक ज्ञान उन्हें औद्योगिक क्षेत्र में कार्य करने के लिए तैयार करता है। आईटीआई प्रशिक्षण युवाओं के लिए रोजगार, अप्रेंटिसशिप तथा स्वरोजगार के अवसरों का मार्ग प्रशस्त करता है। वर्तमान समय में उद्योगों में कुशल तकनीकी मानव संसाधन की आवश्यकता को देखते हुए आईटीआई का महत्व और अधिक बढ़ गया है। यह युवाओं को कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। संबंधित अभ्यर्थियों से अपील है कि वे प्रवेश के इस अंतिम अवसर को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित अवधि में ऑनलाइन पंजीयन एवं अपनी पसंद के ट्रेड/संस्था का विकल्प अवश्य भरें। पूर्व में आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को भी आठवें चरण की काउंसलिंग में भाग लेने के लिए पुनः विकल्प का चयन करना अनिवार्य होगा। अतः आईटीआई रायगढ़ में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी 05 सितंबर 2026 तक पंजीयन एवं च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूर्ण कर इस अंतिम अवसर का लाभ उठाएं




