शहर की खराब सड़कों को लेकर बढ़ने लगा आक्रोश

रायगढ़। शहर की खराब सडक़ों को लेकर अब नागरिकों का आक्रोश भी बढऩे लगा है। प्रमुख रूप से ढिमरापुर और कोतरा रोड क्षेत्र के रहवासियों ने सडक़ों की बदहाल स्थिति और पर्याप्त स्ट्रीट लाईट नहीं होने की समस्या उठाते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा श। क्षेत्रवासियों ने जर्जर सडक़ों की मरम्मत व स्ट्रीट लाईट लगाने की प्रशासन से गुहार लगाई है। वहीं कलेक्टर ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए बारिश के बाद जल्द आवश्यक कार्रवाई किए जाने के लिए आश्वस्त किया है। रायगढ़ शहर के लगभग सभी प्रमुख मार्गों पर सडक़ों की हालत काफी खराब हो चुकी है।

खासकर ढिमरापुर से कोतरा रोड क्षेत्र में जर्जर सडक़ की समस्या से स्थानीय रहवासियों के अलावा इस मार्ग से आवागमन करने वाले लंबे समय से परेशान हैं। बारिश के दौरान सडक़ों पर जगह-जगह गड्ढे और जलभराव की स्थिति बनने से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दुपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण बनी गई है। वहीं दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना रहता है। इसके अलावा कई मार्गों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण रात के समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। इन्हीं समस्याओं को लेकर गुरूवार को क्षेत्र के रहवासियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से खराब सडक़ों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने, सडक़ों की स्थिति सुधारने और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने की मांग की गई। नागरिकों ने कहा कि बेहतर सडक़ और प्रकाश व्यवस्था शहरवासियों की मूलभूत जरूरत है और इससे सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित होगा। वहीं कलेक्टर ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए बारिश के बाद जल्द आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *