रायगढ़ में स्वाईन फ्लू के 10 केस,आठ ठीक, दो करवा रहे इलाज

रायगढ़, 3 सितंबर। प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। हालांकि अभी किसी के गंभीर रूप से ग्रसित होने की जानकारी सामने नहीं आ रही है। बीते डेढ़ महीने में रायगढ़ के दस लोग एच 1 एन 1 वायरस से संक्रमित हुए थे लेकिन अब केवल दो ही एक्टिव हैं। इनका इलाज भी रायगढ़ से बाहर चल रहा है। स्वाइन फ्लू को लेकर जिस तरह की जानकारी सामने आ रही थी, उससे लोगों में डर बैठ गया, लेकिन इसका असर उतना अधिक नजर नहीं आया। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में सबसे ज्यादा लोग एच 1 एन 1 वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।

रायगढ़ जिले में भी कई लोग वायरस से ग्रसित पाए गए थे। गंभीर स्थिति नहीं होने की वजह से सभी आसानी से ठीक हो गए। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक रायगढ़ के करीब दस लोग एच 1 एन 1 वायरस से संक्रमित हुए थे। इनमें से आठ लोग ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में दो मरीज एक्टिव हैं, जिनका इलाज रायपुर या बिलासपुर में चल रहा है। रायगढ़ में हाल के दिनों में कोई दूसरा मरीज सामने नहीं आया है। दोनों एक्टिव मरीजों को रायगढ़ में ही इन्फेक्शन की जानकारी मिली। परिजनों ने रायगढ़ में इलाज कराने के बजाय रायपुर और बिलासपुर के अस्पतालों को चुना है।

कोविड के कारण डर रहे लोग
रायगढ़ के जितने भी मामले सामने आए हैं, किसी ने भी यहां इलाज नहीं कराया। पता चलने के बाद परिजनों ने रायपुर और बिलासपुर के अस्पतालों पर भरोसा दिखाया। लोगों ने कोविड के समय का अनुभव बताते हुए रायपुर या बिलासपुर ले जाना ही ठीक समझा। हालांकि कोविड की तरह इस वायरस का संक्रमण नहीं देखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *