- त्योहारी सीजन में मिठाईयों की बिक्री में तेजी, टैक्स चोरी के कुछ प्रमाण मिलने पर कार्रवाई, कई दूसरे कारोबारों में भी निवेश
रायगढ़, 3 सितंबर। शहर में मिठाइयों के बड़े कारोबारी तुलसी होटल में स्टेट जीएसटी की रेड से हडक़ंप मच गया है। ऐन त्योहारी सीजन में इस तरह की कार्रवाई से दूसरे मिठाई कारोबारी सहम गए हैं। गुरुवार दोपहर को स्टेट जीएसटी की टीम तुलसी होटल में पहुंची थी। करीब तीन घंटे तक औसतन व्यापार की जानकारी लेने के बाद टीम निकल गई।
रायगढ़ शहर में मिठाइयों का बहुत बड़ा कारोबार है। शहर में चार सबसे बड़े प्रतिष्ठान हैं जो एक सीजन में करोड़ों का कारोबार करते हैं। चारों प्रतिष्ठानों की बिक्री पूरे जिले में बाकी मिठाई दुकानों के बराबर है। इस हिसाब से टैक्स की देनदारी भी बनती है। टैक्स बचाने के लिए बिक्री कम दिखाने का प्रयास भी किया जाता है। गुरुवार को स्टेट जीएसटी टीम ने सूचना मिलने पर तुलसी होटल में छापा मारा।
दोपहर में पहुंचे अधिकारियों ने करीब तीन घंटे तक दुकान में होने वाली बिक्री के आंकड़े कलेक्ट किए। शटर आधा गिराकर जांच की गई। यह देखा गया कि प्रतिदिन होटल से कितनी आय होती है। इस औसत से साल भर की बिक्री का आंकड़ा निकाला जाएगा। उस अनुपात में मिल रहे टैक्स का भी एसेसमेंट किया जाएगा। जीएसटी टीम अब बिक्री के हिसाब से दिए जा रहे टैक्स का हिसाब देखेगी।
क्या दूसरे कारोबारों से भी करेंगे लिंक?
होटल तुलसी ग्रुप का अब केवल मिठाईयों का ही कारोबार नहीं रहा। रेस्टोरेंट भी चल रहा है। इसके साथ आवासीय कॉलोनी, राइस मिल और ऑक्सीजन प्लांट भी है। स्टेट जीएसटी टीम ने केवल होटल में ही तीन घंटे बिताए और वापस चले गए।




