रायगढ़। ज़िले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र के रायकेरा गाँव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गाँव के माझा पारा में बीती शाम अज्ञात कारणों से 80 वर्षीय बुजुर्ग सुकमेत सिदार और उनके दामाद 60 वर्षीय लक्ष्मण सिदार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वहीं, सुकमेत की बेटी गंभीर रूप से घायल है, जिसे टिंगनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी कुमार गौरव ने देर रात एसडीओपी सिद्धांत तिवारी को अवगत कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए आज सुबह एसडीओपी और थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतक लक्ष्मण सिदार के बेटे और एक पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और घटना की सच्चाई का खुलासा हो सकेगा। ग्रामीणों के मुताबिक, हाल ही में सुकमेत सिदार को एनटीपीसी से मुआवज़ा राशि प्राप्त हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि पैसों के विवाद के चलते ही यह दोहरी हत्या हुई है।




