रायगढ़

नशीली दवाओं की तस्करी में संलिप्त महिला गिरफ्तार, 8.40 लाख नगद और भारी मात्रा में दवाएं जब्त

रायगढ़। लैलूंगा पुलिस ने देर रात नशीली दवाओं की तस्करी पर बड़ी सफलता हासिल की। ग्राम दुर्गापुर लारीपानी में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर नशीली दवाओं का जखीरा और ₹8.40 लाख नगद बरामद किया है।सूचना थी कि झारखंड से नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई सीमावर्ती जिलों में की जा रही है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देश पर लैलूंगा, तमनार और घरघोड़ा थाना पुलिस सक्रिय निगरानी में जुटी हुई थी। इसी कड़ी में थाना प्रभारी रोहित बंजारे के नेतृत्व में टीम ने दुर्गापुर लारीपानी निवासी धनुर्जय यादव के घर पर छापेमारी की।

घर में धनुर्जय यादव नहीं मिला, लेकिन उसकी पत्नी तिलोत्तमा यादव (25 वर्ष) मौजूद थी। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने पति के साथ मिलकर नशीली दवाओं की बिक्री करती है। लैलूंगा पुलिस ने आरोपिया तिलोत्तमा यादव को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ और फरार आरोपी धनुर्जय यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 260/2025, धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। धनुर्जय यादव की तलाश जारी है।

जब्त सामग्री – 200 नग ONEREX कफ सिरप (100 एमएल), 85 पैकेट SPASMO-PROXYVON PLUS कैप्सूल (प्रत्येक पैकेट में 24 कैप्सूल), 220 पैकेट BUTRUM इंजेक्शन (प्रत्येक पैकेट में 05 इंजेक्शन), दवाओं की कीमत : ₹64,914, नगदी बरामदगी : ₹8,40,000, कुल मूल्य : ₹9,04,914

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button