रायगढ़। विद्या भारती की योजनान्तर्गत एवं भैया/बहिनों को प्रजातंत्र प्रणाली का प्रयोगात्मक अनुभव कराने के लिए सरस्वती शिशु मंदिर उच्च. माध्यमिक विद्यालय लोचननगर रायगढ़ में मतदान प्रक्रिया द्वारा छात्र परिषद् का गठन किया गया। जिसमें किशोर भारती, कन्या भारती, बाल भारती एवं शिशु भारती के पदाधिकारियों का चुनाव किया गया।फिर चुने हुए सभी पदाधिकारियों को पद की शपथ दिलाई गई।
शपथग्रहण समारोह का कार्यक्रम भोजनावकाश के बाद विद्यालय के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डी. पटनायक (सशिमं समिति के उपाध्यक्ष एवं लोचननगर विद्यालय प्रभारी), उपाध्यक्ष के रूप में संस्था प्रमुख श्याम लाल पटेल एवं विशिष्ट अतिथि लोचन प्रसाद पटेल उपस्थित रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन संघमित्रा मिश्रा ने किया।

सर्वप्रथम मंचासीन अतिथियों द्वारा सरस्वती माता, ओम एवं भारत माता के छायाचित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं सरस्वती वंदना कर किया गया। फिर डी.पटनायक ने पद की गरिमा तथा कुशल दायित्व निर्वाह के संबंध में मार्गदर्शन करते हुए शुभाशीष समस्त पदाधिकारियों को दिया। इसके बाद क्रमशः किशोर भारती, कन्या भारती, बाल भारती एवं शिशु भारती के अध्यक्ष राहुल डनसेना, यशिका गुप्ता, सुहानी गुप्ता एवं अभि मैत्री उपाध्यक्ष लक्की यादव, अंजली किसान, परिधि साहू एवं संजु यादव और सचिव पद के लिए काव्यांश प्रधान कामना डनसेना ,मेघा यादव एवं चित्रेश पटेल को सामूहिक रुप से पद की शपथ दिलाई गई।

इसी प्रकार समस्त विभाग के निर्वाचित पदाधिकारियों को भी शपथग्रहण कराया गया। फिर प्राचार्य श्याम लाल पटेल जी ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को कार्य निर्वाहन रुपरेखा बताते हुए आशिर्वचन प्रदान किया। फिर कल्याण मंत्र द्वारा कार्यक्रम का समापन हुआ। इस कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्य परिवार के सभी सदस्यों ने महत्त्वपूर्ण सहभागिता निभाई है। उक्त जानकारी संस्था के विभाग प्रमुख अंजनी श्रीवास्तव ने दी है।
