रायगढ़. ओड़िशा के ढेंकानाल जिले के गोपबंधु टाऊन हाल सभागार में विश्व ओड़िशा परिवार तथा गोलोक बिहारी धल स्मृति संसद भुवनेश्वर के तत्वावधान में राष्ट्रीय गोलोक बिहारी धल भाषा कान्क्लेव का आयोजन किया गया।

विश्व विख्यात भाषा विज्ञानी, ध्वनितत्ववेत्ता, शिक्षाविद्, ओड़िया साहित्य रत्न स्वर्गीय प्राध्यापक गोलोक बिहारी धल की स्मृति में 21 फरवरी 2024 को राष्ट्रीय भाषा समागम कार्यक्रम में विशिष्ट भाषाविज्ञानी गण, रेवेंशा कालेज विश्वविद्यालय के गवेषक, प्राध्यापकगण, भाषा अधिकार कर्मी, भाषाप्रेमी तथा छात्र-छात्रागण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाषा पदयात्रा ,भाषा स्त्रोतस्विनी कविता पाठ, गोलोक बिहारी धल की स्मृति में व्याख्यान तथा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
उक्त स्तरीय कार्यक्रम में स्थानीय ओड़िया भाषा प्रचार-प्रसार तथा भाषायी सृजन हेतु रुद्र प्रसाद शर्मा, शिक्षक तरडा को ओड़िशा सरकार के पूर्व मंत्री श्री नवीन चन्द्र नारायण दास के करकमलों से वस्त्र, लेखनी व मानपत्र प्रदान कर भाषा सेनानी सम्मान 2024 से सम्मानित किया गया। इस सम्मान के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति तरडा, शिक्षक गण तथा सभी शुभचिंतकों ने शुभकामनाएं दी हैं।
